All India tv news। जबलपुर, मध्य प्रदेश – बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज़ हादसे के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। सुरक्षा मानकों में लापरवाही और ड्यूटी में कोताही बरतने के आरोप में अब तक पायलट सहित तीन कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है।
मुख्य अपडेट और की गई कार्रवाई:-
तीन बर्खास्तगी: क्रूज़ पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंद और टिकट काउंटर प्रभारी बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।
निलंबन: होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को भी निलंबित कर दिया गया है।
मुख्यालय अटैच: क्षेत्रीय प्रबंधक संजय मल्होत्रा को राज्य मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
संचालन पर रोक: इस हादसे के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने पूरे राज्य में क्रूज़ संचालन पर फिलहाल रोक लगा दी है।
हृदयविदारक स्थिति:-
9 शव बरामद : बचाव दलों ने अब तक जलाशय से 9 शव बरामद किए हैं।
लापता: 3 बच्चों समेत 4 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
बचाए गए: राहत एवं बचाव कार्य के दौरान अब तक कुल 28 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
दर्दनाक मंजर: गोताखोरों को दिल्ली की एक महिला और उसके 4 साल के बेटे का शव मिला। बताया जा रहा है कि डूबते समय माँ ने अपने बच्चे को सीने से सटाकर बचाने की आखिरी कोशिश की थी।कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा गुरुवार शाम को हुआ जब करीब 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आए भीषण तूफान के कारण क्रूज़ पलट गया। किनारे से महज 300 मीटर की दूरी पर यह हादसा हुआ। क्रूज़ पर क्षमता से अधिक लोग सवार होने की आशंका जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार क्रूज़ पर 40 से अधिक लोग थे, जबकि टिकट केवल 29 के ही कटे थे।मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है और स्पष्ट किया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पीएम रिलीफ फंड से 2 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है।
SDRF, NDRF और सेना की टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।

