All India tv news। इस वक्त की एक बहुत बड़ी और बेहद दुखद खबर उत्तराखंड के नैनीताल से सामने आ रही है। नैनीताल-कालाढूंगी मुख्य मार्ग पर पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समा गई है। इस भीषण हादसे में दो महिला पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं और घायलों को खाई से बाहर निकालने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।
पहाड़ों में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की भीड़ के बीच आज नैनीताल-कालाढूंगी मोटर मार्ग पर एक और बड़ा हादसा हो गया। मीडिया से मिली जानकारी जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मेरठ से पर्यटकों का एक दल टेंपो ट्रैवलर में सवार होकर उत्तराखंड घूमने आया था। जैसे ही उनकी गाड़ी कालाढूंगी मार्ग पर लाल मिट्टी के पास पहुंची, ढलान और मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते गाड़ी तेजी से सड़क किनारे की सुरक्षा दीवार को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी।
गाड़ी के खाई में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। आस-पास से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से गहरी खाई में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया गया।
हादसे में घायल हुए सभी यात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां कई यात्रियों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों का इलाज जारी है और गंभीर मरीजों को बड़े अस्पताल में रेफर किया जा रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर उनके परिजनों को सूचित कर दिया है। पहाड़ी रास्तों पर तेज रफ्तार या अचानक आई तकनीकी खराबी को इस हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है।

