All India tv news। खेल के मैदान से उत्तराखंड के लिए एक बहुत बड़ी और गौरवशाली खबर आ रही है। देवभूमि की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर हौसले बुलंद हों, तो पहाड़ों जैसी चुनौतियाँ भी घुटने टेक देती हैं। भुवनेश्वर में चल रही 65वीं नेशनल इंटर स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पौड़ी गढ़वाल की उड़नपरी और ओलंपियन एथलीट अंकिता ध्यानी ने इतिहास रच दिया है। अंकिता ने न सिर्फ ट्रैक पर अपनी रफ्तार का जलवा बिखेरा, बल्कि शानदार स्वर्ण पदक जीतकर आगामी एशियन गेम्स के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।"
ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में चल रही 65वीं नेशनल इंटर स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तराखंड के धावकों का दबदबा देखने को मिल रहा है। इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी महानायक बनकर उभरी हैं पौड़ी गढ़वाल की बेटी अंकिता ध्यानी। अंकिता ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज़ स्पर्धा में विरोधियों को कोसों पीछे छोड़ते हुए 9 मिनट 44.5 सेकंड में रेस पूरी की और सोने के तमगे पर कब्जा जमाया।
अंकिता की रफ्तार का जादू यहीं नहीं रुका। उन्होंने इस चैंपियनशिप में दोहरा करिश्मा करते हुए 1500 मीटर की दौड़ को महज 4 मिनट 20.78 सेकंड में पूरा कर रजत पदक (सिल्वर मेडल) भी अपने नाम किया। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत अंकिता ने आगामी 20 सितंबर से जापान में होने वाले प्रतिष्ठित एशियन गेम्स 2026 के लिए सीधे क्वालीफाई कर अपना टिकट पक्का कर लिया है।
इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में अंकिता के इन दो पदकों सहित उत्तराखंड की टीम ने कुल 5 पदक अपनी झोली में डाले हैं। इस ऐतिहासिक सफलता के बाद अंकिता के गृह जनपद पौड़ी गढ़वाल समेत पूरे उत्तराखंड में जश्न का माहौल है। अंकिता के माता-पिता और उनके गांव के लोग ढोल-दमाऊ की थाप पर थिरक रहे हैं और बेटी की इस कामयाबी पर फूले नहीं समा रहे हैं

