All India tv news। उत्तराखंड से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है, जहाँ मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी कर दिया है. कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक के पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आखिर किन जिलों पर मंडरा रहा है खतरा और पहाड़ों में कितनी ऊंचाई पर गिरने वाली है बर्फ? आइए जानते हैं इस पूरी रिपोर्ट मे!
- ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का डबल अटैक: मौसम निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार, इस बार पहाड़ों में दो चरणों में बर्फबारी देखने को मिलेगी। 6 से 8 अक्टूबर के बीच 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी की संभावना है। इसके ठीक बाद, 9 से 11 अक्टूबर के बीच ठंड और बढ़ेगी और 3800 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में भी सफेद चादर बिछ सकती है।
- चलेगी बर्फीली आंधी, गिरेगी बिजली: चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जैसे 7 पहाड़ी जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की गंभीर चेतावनी दी गई है।
- निचले इलाकों में झमाझम बारिश: पहाड़ों में बर्फबारी के साथ-साथ 6 और 7 अक्टूबर को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और अल्मोड़ा में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।
- मैदानी इलाकों का हाल: जहाँ एक तरफ पहाड़ों में कड़ाके की ठंड दस्तक दे रही है, वहीं मौसम विभाग के मुताबिक हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क और साफ रहेगा।
मौसम के इस अचानक यू-टर्न से उत्तराखंड के तापमान में भारी गिरावट आएगी और ठंड का अहसास काफी बढ़ जाएगा। अगर आप इन तारीखों के बीच चारधाम यात्रा या उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में ट्रैकिंग का प्लान बना रहे हैं, तो मौसम की सटीक जानकारी लेकर ही घर से निकलें।

