गुरुग्राम/मानेसर: रोजगार की तलाश में उत्तराखंड के पहाड़ों से दिल्ली-NCR आई एक और बेटी सड़क पर फैले रफ़्तार के कहर का शिकार हो गई। हरियाणा के गुरुग्राम (मानेसर) में एक भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की रहने वाली 24 वर्षीय पूजा बिष्ट की दर्दनाक मौत हो गई है। इस हादसे में पूजा की सहेली अनुराधा भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बस से उतरकर पार कर रही थीं सड़क :-
मिली जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा मानेसर में जयपुर-दिल्ली हाईवे पर होंडा शोरूम के सामने हुआ। पूजा बिष्ट गुरुग्राम के हीरा नगर में अपने भाई के साथ रहती थी और अपनी सहेली अनुराधा के साथ गुरुग्राम के ही 'फ्रेश ओके' स्टोर में काम करती थी। हादसे वाले दिन, दोनों सहेलियां बस से उतरकर धारूहेड़ा से गुरुग्राम जाने वाली सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान जयपुर की दिशा से आ रही एक अत्यंत तेज रफ्तार कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवतियां हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरीं।
अस्पताल में पूजा को घोषित किया मृत :-
आसपास के लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल युवतियों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने पूजा बिष्ट को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल अनुराधा को प्राथमिक उपचार के बाद ईएसआई अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस जांच में जुटी :-
इस दुखद घटना के बाद से पूजा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पहाड़ से बेटी को सुनहरे भविष्य के लिए भेजने वाले माता-पिता इस खबर से पूरी तरह टूट चुके हैं। घायल अनुराधा की शिकायत पर मानेसर थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी कार चालक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
