expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

देहरादून में खौफनाक वारदात: महज ₹300 के विवाद में प्लंबर ने पेचकस से गोदा, बुजुर्ग दंपति और नौकरानी की दर्दनाक मौत।


 All India tv news। देहरादून से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। रायपुर थाना क्षेत्र की पॉश विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर को दिनदहाड़े एक खौफनाक ट्रिपल मर्डर (तिहरा हत्याकांड) की वारदात को अंजाम दिया गया। हैरान करने वाली बात यह है कि तीन मासूम जिंदगियों को खत्म करने के पीछे की वजह सिर्फ और सिर्फ 300 रुपये का मामूली विवाद था।

मकान नंबर 16 में रहने वाले बुजुर्ग दंपति—ऑर्डनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त 80 वर्षीय रमेश कपूर (के.एस. कपूर) और उनकी पत्नी, रिटायर्ड प्रवक्ता 75 वर्षीय रजनी कपूर की उनके ही घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। सिर्फ यही नहीं, चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोस में काम करने वाली नौकरानी तिलया देवी उर्फ शीला बुजुर्ग दंपति को बचाने दौड़ी, तो कातिल ने उसे भी मौत के घाट उतार दिया।"
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी राजकुमार पेशे से एक प्लंबर है और पिछले करीब दो सालों से कपूर परिवार के घर काम के सिलसिले में आता-जाता रहता था। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे वह घर में पानी का नल ठीक करने आया था। काम खत्म होने के बाद मजदूरी के पैसों को लेकर उनके बीच बहस शुरू हो गई। आरोपी राजकुमार काम के बदले 600 रुपये मांग रहा था, जबकि बुजुर्ग दंपति उसे 300 रुपये दे रहे थे। 
महज 300 रुपये की इस तकरार ने देखते ही देखते एक खूनी मोड़ ले लिया। गुस्से से पागल आरोपी ने पास ही रखा पेचकस उठाया और बुजुर्ग दंपति के गले और शरीर पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। घर के अंदर मचे कोहराम और चीख-पुकार को सुनकर पड़ोस में काम करने वाली घरेलू सहायिका शीला जैसे ही बीच-बचाव के लिए अंदर आई, आरोपी ने उस पर भी पेचकस से जानलेवा हमला कर दिया। तीनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 
वारदात को अंजाम देकर आरोपी राजकुमार मौके से भागने की कोशिश कर रहा था और उसने मृतक के गले से सोने की चेन भी झपट ली थी। लेकिन चीख-पुकार सुनकर इकट्ठा हुए जांबाज पड़ोसियों ने मुस्तैदी दिखाई और आरोपी को कुछ ही दूरी पर दौड़ाकर दबोच लिया। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.