All India tv news। अल्मोड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। खेत में घास काटने गए एक बुजुर्ग दंपति पर ततैयों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसमें पति की मौत हो गई।
मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक घटना स्याल्दे (अल्मोड़ा) ब्लॉक के गांव गोलना की है।रविवार को 65 वर्षीय खीम सिंह पुत्र सुधन सिंह अपनी 50 वर्षीय पत्नी विमला देवी के साथ घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में मवेशियों के लिए घास काट रहे थे। तभी अचानक ततैयों के झुंड ने उन दोनों पर हमला कर दिया।
दोनों की चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बचाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट पहुंचाया।
चिकित्सकों ने बताया कि खीम सिंह के सिर में कई जगह ततैयों ने डंक मारे थे, जिसके चलते अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी विमला देवी की आंख, हाथ और गाल पर डंक मारे गए थे, जिन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
खीम सिंह खेती-बाड़ी का काम करते थे। प्रधान तनुज उप्रेती ने बताया कि रविवार को ही देघाट श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में इस घटना के बाद से शोक का माहौल है।

