All India tv news। हरियाणा के पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला का शुक्रवार को 89 वर्ष की उम्र में गुरुग्राम में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। शनिवार को उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव सिरसा के तेजा खेड़ा गांव में उनके फार्म हाउस पर लाया गया जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
आपको बता दें कि ओम प्रकाश चौटाला पांच बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रह चुके थे। उन्हें इनेलो सुप्रीमो के नाम से भी जाना जाता है।
उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्य विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता सुखबीर सिंह बादल, शिअद नेता बिक्रम सिंह मजीठिया, भाजपा के मनप्रीत बादल और मनजिंदर सिंह सिरसा और हरियाणा के कई मंत्रियों व नेताओं ने भी उनके पैतृक गांव तेजा खेड़ा पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।