All India tv news। उत्तराखंड के रुड़की में घने कोहरे ने दो जिंदगियां लील ली हैं। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार जीजा-साले की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में से एक उत्तर प्रदेश पुलिस में होमगार्ड के पद पर तैनात थे। पुलिस अब टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
मिडिया सूत्रों के अनुसार हादसा मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के तांशीपुर पिकेट के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, बिजोपुरा निवासी 40 वर्षीय लाल सिंह और उनके साले, मुजफ्फरनगर निवासी 35 वर्षीय अमरीश, एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल से नहर पटरी के रास्ते रुड़की की ओर जा रहे थे।
घने कोहरे के कारण दृश्यता कम थी, इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को रुड़की के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। मृतक लाल सिंह यूपी पुलिस में होमगार्ड के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि फरार वाहन का पता लगाया जा सके। इस हादसे के बाद से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

