All India tv news। उत्तराखंड के रुद्रपुर से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है, जहाँ पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शिक्षा माफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रुद्रपुर के कीरतपुर गांव में छापेमारी कर करोड़ों रुपये की फर्जी NCERT किताबों का जखीरा बरामद किया गया है।
मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार मामला रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र का है, जहाँ शनिवार देर रात पुलिस, तहसील प्रशासन और शिक्षा विभाग की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कीरतपुर स्थित एक विशाल गोदाम पर अचानक धावा बोल दिया। छापेमारी के दौरान अधिकारियों के होश उड़ गए जब वहां चारों तरफ फर्जी NCERT किताबों का अंबार लगा मिला।
शुरुआती अनुमान के मुताबिक, बरामद की गई किताबों की कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। मौके से किताबों से लदा एक ट्रक भी जब्त किया गया है, जो इन फर्जी किताबों को मेरठ सप्लाई करने की तैयारी में था।
अंतरराज्यीय कनेक्शन:- जांच में सामने आया है कि इस सिंडिकेट के तार उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हैदराबाद जैसे कई राज्यों से जुड़े हुए हैं।
गोदाम मालिक से पूछताछ:- यह गोदाम गल्ला मंडी निवासी राजेश कुमार जैन का बताया जा रहा है। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है ताकि इस अवैध कारोबार के असली मास्टरमाइंड तक पहुंचा जा सके।
प्रशासनिक मुस्तैदी:- कार्रवाई के दौरान तहसीलदार, कोतवाल मनोज रतूड़ी और मुख्य शिक्षा अधिकारी समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा। फिलहाल गोदाम को सील कर दिया गया है और एक-एक किताब का मिलान कर सूची तैयार की जा रही है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से फर्जीवाड़ा करने वालों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का मानना है कि यह एक बहुत बड़े नेटवर्क का हिस्सा है और जल्द ही इसमें कई सफेदपोश चेहरों से नकाब हट सकता है।

