All India tv news। ऋषिकेश: तीर्थनगरी ऋषिकेश में अवैध नशों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ताजा मामले में, आबकारी विभाग की टीम ने अमित ग्राम के गुर्जर प्लॉट क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची शराब का भंडाफोड़ किया है।
तड़के हुई छापेमारी से मचा हड़कंप :-
आबकारी विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि अमित ग्राम क्षेत्र के कुछ घरों में अवैध रूप से कच्ची शराब का भंडारण और तस्करी की जा रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने आज तड़के गुर्जर प्लॉट में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
50 प्लास्टिक थैलियों में मिली शराब :-
तलाशी के दौरान टीम ने दो अलग-अलग घरों से भारी मात्रा में शराब बरामद की। बताया जा रहा है कि शराब को 50 प्लास्टिक की पॉलिथीन में भरकर रखा गया था, जिसकी कुल मात्रा लगभग 50 लीटर है।
दो महिला तस्कर गिरफ्तार :-
इस मामले में पुलिस ने मौके से शराब तस्करी में लिप्त दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रेखा (पुत्री सोमपाल) और कुलदीप कौर (पत्नी केवल सिंह) के रूप में हुई है।
कानूनी कार्रवाई जारी :-
आबकारी विभाग ने दोनों महिलाओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। विभाग का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे

