All India tv news। छत्तीसगढ़ के ऊर्जाधानी कोरबा से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। यहाँ एक पति ने न केवल अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या की, बल्कि कटी हुई गर्दन हाथ में लेकर पूरे गांव में घूमता रहा। इस खौफनाक मंजर को देखकर ग्रामीणों की रूह कांप गई। क्या है यह पूरा मामला, देखिए इस रिपोर्ट में।
यह सनसनीखेज मामला कोरबा जिले के बालको नगर थाना क्षेत्र के बुंदेली गांव का है। यहाँ रहने वाले सालिक राम ने अपनी ही पत्नी चैत कुंवर की कुल्हाड़ी से वार कर गर्दन धड़ से अलग कर दी। वारदात इतनी वीभत्स थी कि आरोपी हत्या करने के बाद रुका नहीं, बल्कि पत्नी का कटा हुआ सिर हाथ में लेकर गांव की गलियों में निकल पड़ा।
घटना का कारण:-
बताया जा रहा है कि आरोपी सालिक राम और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था। शक की चिंगारी ने इस कदर आग पकड़ी कि शराब के नशे ने उसे और हवा दे दी। घटना वाले दिन पति-पत्नी ने साथ बैठकर शराब पी थी, जिसके बाद विवाद बढ़ा और सालिक राम ने इस आत्मघाती कदम को अंजाम दिया।
गांव में दहशत:-
जैसे ही आरोपी कटा हुआ सिर लेकर गलियों में निकला, पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। लोग डर के मारे अपने घरों में दुबक गए। सूचना मिलते ही बालको नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई:-
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार बरामद कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर नशे और घरेलू विवाद के घातक परिणामों को उजागर कर दिया है।

