expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

उत्तराखंड में ग्राम प्रधानों का हल्लाबोल: १० सूत्रीय मांगों को लेकर सचिवालय कूच, पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक के बाद धरने पर बैठे प्रधान।


 All India tv news। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश भर से आए सैकड़ों ग्राम प्रधानों ने अपनी विभिन्न १० सूत्रीय मांगों को लेकर आज देहरादून में सचिवालय कूच किया। ग्राम प्रधानों के इस भारी आक्रोश को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सचिवालय से ठीक पहले भारी बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी प्रधानों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। पुलिस द्वारा रोके जाने से नाराज ग्राम प्रधान वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए हैं और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।


"उत्तराखंड के गांवों की सरकार यानी ग्राम प्रधान अब आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहे हैं। अपनी लंबित १० सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तराखंड प्रधान संगठन के बैनर तले आज प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए सैकड़ों प्रधानों ने देहरादून की सड़कों पर हुंकार भरी।
प्रधानों का आरोप है कि सरकार लगातार पंचायती राज व्यवस्था को कमजोर कर रही है और उनके अधिकारों में कटौती की जा रही है। अपनी इन्हीं मांगों को लेकर जब प्रधान सचिवालय का घेराव करने आगे बढ़े, तो पुलिस ने पहले से ही किलेबंदी कर रखी थी।
हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रधानों ने जैसे ही बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, पुलिस के साथ उनकी तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। काफी देर तक चले इस ड्रामे के बाद जब पुलिस ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया, तो सभी ग्राम प्रधान बैरिकेडिंग के सामने ही सड़क पर धरने पर बैठ गए।
ग्राम प्रधानों का साफ कहना है कि जब तक सरकार का कोई उच्च अधिकारी या प्रतिनिधि आकर उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं देता, उनका यह धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। अब देखना होगा कि धामी सरकार इन जनप्रतिनिधियों के इस आक्रोश को शांत करने के लिए क्या कदम उठाती है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.