All India tv news। उत्तराखंड की बेटियां कई बार राज्य का नाम रोशन कर चुकी हैं।इसी क्रम में उत्तराखंड की एक और बेटी प्रियंका डंगवाल ने केरल आईआईटी में टॉप कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। यह सम्मान प्रियंका को मिसाईल मैन कहे जाने वाले इसरो के चेयरमैन एस. सोमनाथ द्वारा प्रदान किया गया है। मूलरूप से टिहरी के सिराई गांव की रहने वाली प्रियंका का परिवार वर्तमान में देहरादून में रहता हैं। प्रियंका ने केरल IIT से इलेक्ट्रिकल में बीटेक टॉप किया और गोल्ड मेडल हासिल किया।अब प्रियंका मद्रास IIT से इलेक्ट्रिकल में एमटेक कर रही हैं। प्रियंका की इस उपलब्धि से ना केवल उसका परिवार अपितु पूरा उत्तराखंड गौरवान्वित महसूस कर रहा है। प्रियंका के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। प्रियंका के अंदर बचपन से ही कुछ करके दिखाने की ललक थी। उसने "दून ब्लासम स्कूल" में पढ़ते हुए हाईस्कूल में 98.5 और इंटर में 98 फीसदी अंक लाते हुए उत्तराखंड में टॉप किया था। और अब देश के एक प्रतिष्टित आईआईटी संस्थान में टॉप कर प्रदेश की बेटियों के लिए आदर्श स्थापित किया है। IIT टॉप करने के बाद से ही प्रियंका को देश- विदेश की बड़ी- बड़ी कंपनियों से जॉब के ऑफर मिल रहे हैं परंतु प्रियंका अभी अपना पूरा ध्यान एमटेक करने पर देना चाहती हैं। प्रियंका अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता को देते हुए कहती है कि उसके माता पिता के सहयोग की बदौलत ही आज वो इस मुकाम तक पहुंची है। प्रियंका के पिता रमेश डंगवाल सरकारी स्कूल के अध्यापक हैं। वे अपनी बेटी की उपलब्धि पर गर्वित होते हुए कहते हैं कि उनकी बेटी ने उनका मान बढ़ाया है।आज की बेटियां हर क्षेत्र में आगे हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोग खुलकर अपनी बेटियों को स्पोर्ट करें ताकि वो भी खुलकर जी सकें और अपने अरमान पूरे कर सके।
Follow us on👇