All India tv news। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बसीकलां गांव में खून के रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ 25 साल की युवती (माना) ने अपने ही परिवार पर कहर बरपा दिया। सिर्फ इसलिए कि उसकी भाभी उसे उसके प्रेमी से बात करने से टोकती थी, उसने पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रच डाली।
क्या हुआ उस रात?
नशीला खाना:- आरोपी माना ने सोमवार रात को घर में मीट बनाया और उसमें नींद की गोलियां मिला दीं। जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो गया, तब उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
मासूम की हत्या:- माना ने अपनी 3 साल की मासूम भतीजी (इसरा) को सोते हुए उठाया, उसका गला दबाया और फिर घर में मौजूद पानी की टंकी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी।
भाभी पर हमला:- इसके बाद वह अपनी भाभी फिरदौस के कमरे में गई और चाकू से उनके पेट पर कई वार किए। हमले में फिरदौस की हालत बेहद गंभीर हो गई।
बच्चों पर भी वार:- जब फिरदौस के अन्य बच्चे (उम्र 7, 8 और 10 साल) अपनी मां को बचाने आए, तो आरोपी ने उन्हें भी चाकू मारकर घायल कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई :-
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि माना का पड़ोस के ही एक युवक आदिल के साथ प्रेम संबंध था। भाभी फिरदौस अक्सर उसे प्रेमी से बात करने से मना करती थी और उसका रिश्ता कहीं और तय कर दिया गया था। इसी खुन्नस में आकर ननद ने इस खूनी खेल को रचा।
एसएसपी संजीव कुमार वर्मा के अनुसार, आरोपी ननद को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। घायल भाभी को मेरठ के हायर मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

