All India tv news। उत्तराखंड के शिक्षा विभाग से इस वक्त की एक बहुत बड़ी और अहम खबर सामने आ रही है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा विभाग ने कुमाऊं मण्डल के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा में कार्यरत सहायक अध्यापक एलटी (LT) संवर्ग के शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी कर दिए हैं।
आपको बता दें कि यह सभी तबादले शिक्षकों के 'अनुरोध के आधार पर' किए गए हैं। लंबे समय से कुमाऊं मण्डल के विभिन्न जिलों में तैनात सहायक अध्यापक अपने व्यक्तिगत और पारिवारिक कारणों से स्थानांतरण की मांग कर रहे थे।
विभागीय और मण्डल स्तरीय स्थानांतरण समिति की संस्तुति के बाद, अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा द्वारा इस सूची को आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया गया है। इस सूची में विभिन्न विषयों जैसे हिंदी, अंग्रेजी, गणित, और विज्ञान के शिक्षक व शिक्षिकाएं शामिल हैं, जिन्हें उनके पसंदीदा सुगम या दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में खाली पदों पर तैनात किया गया है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक, विभाग ने इस प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती है। शासन और शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया गया है। इस आदेश के बाद उन शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है जो गंभीर बीमारियों, पारिवारिक समस्याओं या वरिष्ठता के आधार पर अपने गृह जनपद या मनचाहे ब्लॉक में ट्रांसफर की उम्मीद लगाए बैठे थे। शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान विद्यालय से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें।
इस ट्रांसफर लिस्ट की विस्तृत जानकारी और चयनित अध्यापकों के नामों की सूची आप शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट उत्तराखंड स्कूल एजुकेशन पर जाकर देख सकते हैं।

