All India tv news। पौड़ी गढ़वाल:
पौड़ी मुख्यालय में बुधवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मानदेय में बढ़ोतरी समेत कई लंबित मांगों को लेकर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रामलीला मैदान से कलेक्ट्रेट तक एक जोरदार विरोध रैली निकाली और कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया।
इस प्रदर्शन में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों जैसे एकेश्वर, पाबौ, कोट, कल्जीखाल, पौड़ी, रिखणीखाल, पोखड़ा और द्वारीखाल से भारी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पहुंचीं। जिला प्रभारी विनीता रावत के नेतृत्व में एकजुट हुईं कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता गणेश भट्ट ने भी आंगनबाड़ी यूनियन की मांगों को पूरी तरह से जायज ठहराया।
धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि वे लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठा रही हैं, लेकिन सरकार लगातार उनकी अनदेखी कर रही है। प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने अपर जिलाधिकारी (ADM) के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर तुरंत सकारात्मक कार्रवाई नहीं की, तो वे अपने आंदोलन को और उग्र करने के लिए मजबूर होंगी।

