All India tv news : सल्ट।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफ.आर.आई.) कैंपस में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में सल्ट विधानसभा क्षेत्र की जांबाज बेटी कुमारी सुनीता को सम्मानित किया। कुमारी सुनीता को यह सम्मान वन्यजीव संघर्ष के दौरान उनके द्वारा दिखाए गए अदम्य साहस, अद्वितीय हिम्मत और वीरता के लिए दिया गया है।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कुमारी सुनीता के हौसले की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां हर क्षेत्र में राज्य का नाम रोशन कर रही हैं और संकट के समय सुनीता ने जिस बहादुरी का परिचय दिया, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायी है।
कुमारी सुनीता की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उनके गृह क्षेत्र सल्ट विधानसभा में भारी हर्ष और गौरव का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सम्मान न केवल सुनीता का व्यक्तिगत सम्मान है, बल्कि इसने सल्ट की वीर बेटियों के साहस, शौर्य और सामर्थ्य को पूरे प्रदेश में एक नई पहचान दी है।

