बागेश्वर / गरुड़:
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गुलदार (तेंदुए) के हमले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी दहशत है। ताजा मामला बागेश्वर जिले के गरुड़ का है, जहाँ एक गुलदार ने खेत में काम कर रही महिला और किसानों पर जानलेवा हमला कर दिया। दो बच्चों की मां ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दरांती से वार कर अपनी जान बचाई।
जबड़े में दबोचा पैर, दरांती से किया पलटवार :-
यह खौफनाक घटना गरुड़ से सटे दर्शानी गांव की है। यहाँ दो बच्चों की मां खेत में काम कर रही थी, तभी घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। गुलदार ने महिला के पैर को अपने जबड़े में दबोच लिया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर हड़कंप मच गया, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। अपने हाथ में पकड़ी दरांती से गुलदार पर ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिया। महिला के इस साहसी पलटवार से घबराकर गुलदार शिकार को छोड़कर जंगल की तरफ भाग खड़ा हुआ।
कत्यूर घाटी में किसानों पर भी झपटा गुलदार :-
इससे ठीक पहले, गुलदार ने कत्यूर घाटी के राजसेरा क्षेत्र माल्दे सेलीघाट नौघर में आतंक मचाया। यहाँ खेत में मंडाई (कृषि कार्य) कर रहे किसानों के बीच अचानक गुलदार आ धमका और उन पर झपट पड़ा। किसानों ने शोर मचाकर बमुश्किल अपनी जान बचाई।
ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा की मांग :-
एक ही दिन में दो अलग-अलग जगहों पर हुए इन हमलों से गरुड़ और कत्यूर घाटी के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में काम करना दूभर हो गया है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तुरंत क्षेत्र में पिंजरा लगाने और आदमखोर हो रहे गुलदार से निजात दिलाने की मांग की है।

