expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

देहरादून में भीषण सड़क हादसा: कार पर पलटा तेज रफ्तार कंटेनर, एक ही परिवार के 3 लोगों समेत 4 की मौत, 6 साल का मासूम चमत्कारिक रूप से सुरक्षित।


देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। देहरादून-दिल्ली हाईवे पर मोहब्बेवाला के पास एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। यहां माल से भरे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने एक कार को अपनी चपेट में ले लिया और उसके ऊपर पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह से कंटेनर के नीचे दब गई। इस भीषण दुर्घटना में कार चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। मरने वालों में तीन लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
सहारनपुर से देहरादून आ रहा था परिवार :-
 मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से देहरादून आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर मोहब्बेवाला चौक के पास पहुंची, तभी अचानक एक तेज रफ्तार मालवाहक कंटेनर अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। चीख-पुकार मचने के बाद स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर हाइड्रा मशीनों की मदद से कंटेनर को हटाया गया। 
मासूम की बची जान, माता-पिता और दादी की मौत :-
इस दर्दनाक हादसे में जहां एक ओर चार लोगों की सांसें थम गईं, वहीं एक कुदरत का अनोखा चमत्कार भी देखने को मिला। कार में सवार एक 6 साल के मासूम बच्चे की जान सुरक्षित बच गई है। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने बच्चे को सकुशल बाहर निकाला, जिसे तुरंत इलाज के लिए पास के कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में जान गंवाने वालों में बच्चे के माता-पिता, उसकी 63 वर्षीय बुजुर्ग दादी और कार का ड्राइवर नीरज शामिल हैं। 
इलाके में मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी :-
घटना के बाद से ही हाईवे पर लंबा जाम लग गया और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार मोहब्बेवाला ब्लैक स्पॉट बनता जा रहा है, जहां भारी वाहनों की तेज गति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.