expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

रामनगर में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन: गुड़ में शिकायत के बाद हड़कंप, कई प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, 5 सैंपल लैब भेजे गए।


All India tv news। रामनगर: उत्तराखंड के रामनगर में मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रामनगर की एक प्रतिष्ठित दुकान में गुड़ की गुणवत्ता को लेकर मिली गंभीर शिकायत के बाद, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के कई थोक और फुटकर व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ निरीक्षण और छापेमारी की।
यह पूरी कार्रवाई आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड और जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों के तहत अमल में लाई गई। उपजिलाधिकारी (SDM) गोपाल सिंह चौहान के दिशा-निर्देशन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान की अगुवाई में टीम ने रामनगर के मुख्य व्यापारिक क्षेत्रों—बजाजा लाइन, कसेरा लाइन, ज्वाला लाइन, नई लाइन और कोसी रोड पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
जांच के लिए भेजे गए 5 सैंपल, होगी कानूनी कार्रवाई :-
एक मुख्य खाद्य कारोबारी के यहाँ गुड़ में गड़बड़ी की शिकायत सही पाए जाने के बाद, टीम ने रामनगर के अन्य बड़े थोक और फुटकर गुड़ विक्रेताओं के यहाँ भी कड़ा रुख अपनाया। इस दौरान गुड़ के कुल 05 अलग-अलग खाद्य नमूने सील किए गए। इन सभी सैंपलों को विस्तृत गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला (रुद्रपुर/ऊधमसिंह नगर) भेजा जा रहा है। अधिकारियों का साफ कहना है कि यदि लैब रिपोर्ट में गुड़ मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त विधिक (कानूनी) कार्रवाई की जाएगी।
आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासन मुस्तैद :-
कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। उन्होंने कहा कि आम जनता को त्योहारों पर शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिले, यही विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए जहां एक ओर कड़ी चेकिंग की जा रही है, वहीं दूसरी ओर व्यापारी बंधुओं को भी जागरूक किया जा रहा है। विभाग ने सभी व्यापारियों से साफ-सुथरा और शुद्ध सामान बेचने की अपील की है और इस अभियान में सहयोग की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.