देहरादून/पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड की नन्हीं टेबल टेनिस सनसनी कायरा भंडारी ने खेल की दुनिया में एक नया इतिहास रच दिया है। पौड़ी गढ़वाल के शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह महावीर चक्र स्टेडियम में आयोजित 2nd उत्तराखंड स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट में 12 वर्षीय कायरा ने अपने रैकेट की धमक से सबको हैरान कर दिया। इस होनहार खिलाड़ी ने प्रतियोगिता के चार अलग-अलग आयु वर्गों में गोल्ड मेडल जीतकर शानदार क्लीन स्वीप किया है।
अजेय रहकर सीनियर वर्ग में भी जमाया कब्जा :-
महज 12 साल की उम्र में कायरा ने अपनी से कहीं बड़ी उम्र के खिलाड़ियों को धूल चटाई। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 और सीनियर महिला सिंगल्स वर्ग के चारों फाइनल मुकाबलों में एकतरफा जीत दर्ज की। कायरा के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि सीनियर महिला वर्ग का खिताब रही, जहां उन्होंने पहली बार गोल्ड मेडल पर कब्जा कर सीनियर टीम में अपनी धाक जमाई है।
इंटरनेशनल कोच की देखरेख में ले रही हैं ट्रेनिंग :-
अपनी इस ऐतिहासिक सफलता के बाद मीडिया से बातचीत में कायरा ने बताया कि वह पहले लॉन टेनिस खेलती थीं, लेकिन पिता की प्रेरणा से उन्होंने टेबल टेनिस को चुना। फिलहाल कायरा भारतीय टेबल टेनिस टीम के कोच पराग अग्रवाल की देखरेख में लखनऊ स्थित अकादमी में कड़ा अभ्यास कर रही हैं।
लक्ष्य: अगले दो साल में टीम इंडिया की जर्सी :-
रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करने वाली उत्तराखंड की इस बेटी का लक्ष्य बेहद स्पष्ट है। वह अगले दो साल के भीतर अंडर-15 आयु वर्ग में भारतीय टीम का हिस्सा बनना चाहती हैं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के लिए तिरंगा फहराने का सपना देख रही हैं। खेल प्रेमियों को भरोसा है कि यह नन्हीं खिलाड़ी आने वाले समय में विश्व पटल पर भारत और उत्तराखंड का नाम ज़रूर रोशन करेगी।

