expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

सल्ट में स्वास्थ्य व्यवस्था पर बवाल: 21 सितंबर को CHC देवायल में तालाबंदी की चेतावनी, कांग्रेस ने खोला मोर्चा।


अल्मोड़ा के सल्ट से बड़ी खबर। पहाड़ में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को लेकर अब कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की मांग को लेकर 21 सितंबर को तालाबंदी की चेतावनी दी गई है।

यह मामला है मौलेखाल (अल्मोड़ा) - सल्ट का।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को दूर करने की मांग पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ, तो 21 सितंबर को CHC देवायल में तालाबंदी की जाएगी।

क्या है मांग?

कांग्रेस ने मांग की है कि उच्चीकृत सीएचसी देवायल को पूर्ण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा दिया जाए और वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जाए।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में आज भी विशेषज्ञ डॉक्टर और सुविधाओं का अभाव है। इसके चलते स्थानीय लोगों को इलाज के लिए रामनगर, हल्द्वानी जैसे शहरों की दौड़ लगानी पड़ रही है।

कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बिशन दत्त शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार अस्पतालों की बड़ी-बड़ी इमारतें तो खड़ी कर रही है, लेकिन उनमें पर्याप्त चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी नहीं हैं।

किन विशेषज्ञों की मांग की गई?

कांग्रेस ने देवायल CHC में तत्काल इन डॉक्टरों की तैनाती की मांग की है:

- स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ

- बाल रोग विशेषज्ञ

- फिजिशियन

- सर्जन

- दंत रोग विशेषज्ञ

- हड्डी रोग विशेषज्ञ

ज्ञापन देने वालों में पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बिशन दत्त शर्मा, केपी शर्मा, बचुली देवी, उर्मिला देवी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.