All India tv news। देश की सुरक्षा व्यवस्था और सैन्य तैयारियों के लिहाज से उत्तराखंड से एक बेहद बड़ी और महत्वपूर्ण खबर सामने आ रही है। 19 सितंबर को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि पौड़ी जिले के लैंसडौन पहुंच रहे हैं।
दोनों शीर्ष अधिकारी गढ़वाल राइफल्स के ऐतिहासिक रेजिमेंटल सेंटर में एक साथ शिरकत करेंगे और वहां रात्रि प्रवास भी करेंगे। इस ऐतिहासिक दौरे के दौरान सुरक्षा मामलों के दोनों महायोद्धा सेना की अलग-अलग गतिविधियों और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करेंगे। साथ ही, देश की नई सैन्य भर्ती योजना के तहत ट्रेनिंग ले रहे अग्निवीरों से मुलाकात कर उनसे सीधा संवाद भी करेंगे।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित सैन्य छावनी क्षेत्र लैंसडौन में देश के दो सबसे बड़े रक्षा रणनीतिकारों के आगमन को लेकर सेना की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि हेलीकॉप्टर के जरिए लैंसडौन के सेना परेड ग्राउंड पहुंचेंगे।
इस दौरे को इस मायने में भी खास माना जा रहा है क्योंकि देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल पहली बार गढ़वाल राइफल्स के इस मुख्यालय का दौरा कर रहे हैं, जिसे लेकर अधिकारियों और सैनिकों में भारी उत्साह है। वहीं दूसरी तरफ, देश के वर्तमान सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि का इस रेजिमेंट से बेहद पुराना और अटूट रिश्ता रहा है।
दोनों अधिकारी यहां न सिर्फ देश के नए वीर जवानों (अग्निवीरों) के साथ संवाद कर उनका मार्गदर्शन करेंगे, बल्कि सीमांत राज्य उत्तराखंड में सेना की तैयारियों को और मजबूत करने के लिए विभिन्न सैन्य गतिविधियों की समीक्षा भी करेंगे।

