All India tv news। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर। पुलिस ने नकली सिक्के बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। 17.29 करोड़ की नकली करेंसी बरामद होने के बाद अब पुलिस के हाथों बड़ी सफलता लगी है।
मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार सहारनपुर पुलिस ने रविवार को अंतरराज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1.28 लाख रुपये कीमत के 6400 बने हुए नकली सिक्के और करीब 5 लाख रुपये के अधबने सिक्के बरामद किए गए हैं।
यह गैंग अब तक 70 करोड़ रुपये से ज्यादा के नकली सिक्के बाजार में खपा चुका है।
कैसे करता था काम?
पुलिस के अनुसार यह गिरोह 6 मशीनों के जरिए रोजाना 20 रुपये के 10 से 12 हजार नकली सिक्के तैयार करता था। एक सिक्का बनाने में 5 से 6 रुपये का खर्च आता था और इसे एजेंटों को 12 से 15 रुपये में दिया जाता था। इसके बाद शराब के ठेकों, टोल प्लाजा और किराना की दुकानों पर कमीशन के जरिए इन्हें खपाया जाता था।
कौन हैं आरोपी?
पुलिस ने मुख्य आरोपी उपकार लूथरा, हिमांशु, कुलदीप, संतोष चौरसिया और अनुराग पाल को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी उपकार लूथरा को 2017 में दिल्ली पुलिस भी गिरफ्तार कर चुकी है।
जांच में पता चला है कि इस गिरोह के तार पंजाब, बिहार, भदोही, बदायूं और वेस्ट यूपी तक जुड़े हुए हैं।
सवाल यह है कि 70 करोड़ के नकली सिक्के आखिर बाजार में कैसे खप गए और सिस्टम को भनक तक नहीं लगी? सहारनपुर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

