देहरादून। उत्तराखंड की अस्थायी राजधानी देहरादून के क्लेमनटाउन इलाके से सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक घरेलू झगड़े ने बेहद खौफनाक रूप ले लिया, जिसमें एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी।
मीडिया रिपोर्ट में पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला की पहचान 26 वर्षीय काजल पंवार के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू कलह चल रही थी। सोमवार सुबह विवाद इतना बढ़ गया कि पति धीरज पंवार ने तैश में आकर काजल की हत्या कर दी।
सनसनीखेज बात यह है कि खूनी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही क्लेमनटाउन थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी धीरज पंवार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

