expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

रामनगर में भयानक अग्निकांड: तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, जान बचाने के लिए छत से कूदीं माँ-बेटी।


 All India tv news। उत्तराखंड के रामनगर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। यहाँ के तेलीपुरा क्षेत्र में रविवार दोपहर एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज और भयानक थीं कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद टेंट और पेंट के गोदाम में लगी यह आग देखते ही देखते पूरी इमारत में फैल गई, जिसके बाद ऊपरी मंजिल पर रहने वाली एक माँ और उनकी बेटी जिंदगी और मौत के बीच फंस गईं।

 घटना का विवरण :-
 मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार घटना तेलीपुरा मस्जिद के पास स्थित एक आवासीय मकान की है। बताया जा रहा है कि मकान के निचले हिस्से में कैटरिंग, टेंट और पेंट का सामान रखा हुआ था। अचानक लगी इस आग ने चंद मिनटों में विकराल रूप ले लिया और सीढ़ियों के रास्ते धुआं और लपटें ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गईं।
घर के अंदर फंसी महिला और उनकी बेटी के पास बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा था। चारों तरफ से खुद को आग से घिरा देख, दोनों ने मौत के मुंह से निकलने के लिए एक बेहद खौफनाक लेकिन साहसिक फैसला लिया। माँ और बेटी ने सीधे तीसरी मंजिल की छत से नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण दोनों कोहनी और कूल्हे में गंभीर फ्रैक्चर और चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इंसानियत की मिसाल पेश की और घायलों को बिना वक्त गंवाए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ फिलहाल उनका इलाज जारी है।
फायर ब्रिगेड और प्रशासन की कार्रवाई :-
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भयानक थी कि लपटें पास की मस्जिद और अन्य मकानों तक पहुंचने लगी थीं। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया। इस हादसे में ग्राउंड फ्लोर पर रखा लाखों का टेंट और बिजली का सजावटी सामान जलकर खाक हो गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें अब आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.