All India tv news। सल्ट, अल्मोड़ा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल, सल्ट में स्वास्थ्य सेवाओं की कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को करीब दो घंटे तक तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, वार्ड बॉय एवं सफाई कर्मचारियों की पर्याप्त उपलब्धता को लेकर नाराजगी जताई।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विशन दत्त शर्मा के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सकीय suvid एवं अन्य स्टाफ उपलब्ध नहीं होने के कारण क्षेत्र के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छोटी-छोटी बीमारियों के उपचार के लिए भी मरीजों को हायर सेंटर रेफर करना पड़ता है। उनका आरोप है कि आपातकालीन सेवा के रूप में उपलब्ध एम्बुलेंस भी कई बार मरीजों को रेफरल सेंटर तक पहुंचाने में परेशानी का सामना करती है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अस्पताल में चिकित्सकों की संख्या पहले से ही पर्याप्त नहीं है और जो चिकित्सक तैनात हैं, उनकी नियमित उपस्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिलेंगी तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की भूमिका महज रेफरल सेंटर तक सीमित होकर रह जाएगी।
तालाबंदी के दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, वार्ड बॉय, सफाई कर्मचारी तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदर्शन में पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विशन दत्त शर्मा, प्रदेश सरपंच अध्यक्ष घनानंद शर्मा, मुनहड़ा के प्रधान अमित राज, पूर्व प्रधान सकरखोला मोहन सिंह, मोहन तरोड़िया, के.डी. शर्मा, जीवन सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


