All India tv news। नैनीताल जिले के रामनगर से एक प्रेरणा देने वाली खबर सामने आई है। एक छात्र ने बिना किसी कोचिंग के वो कर दिखाया है जिसका सपना बड़े-बड़े शहरों के बच्चे देखते हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह गर्व की खबर है पी.एन.जी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामनगर से। महाविद्यालय के एमएससी जंतुविज्ञान चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र अमनदीप ने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक CSIR-NET परीक्षा उत्तीर्ण कर महाविद्यालय का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित किया है।
इस सफलता में सबसे खास बात यह है कि अमनदीप ने यह सफलता बिना किसी कोचिंग के हासिल की है। उन्होंने अपने स्वाध्याय, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर यह मुकाम पाया है।
अमनदीप की इस उपलब्धि पर पूरे महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। शिक्षकों ने उनकी सफलता को उनकी मेहनत, लगन और विषय के प्रति समर्पण का परिणाम बताया।
अमनदीप के अनुसार इस पूरी सफलता में जंतुविज्ञान विभाग की डॉ. रागिनी गुप्ता के निरंतर मार्गदर्शन और प्रयासों तथा विभाग के सभी शिक्षकों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एम.सी. पांडे ने अमनदीप को उनकी इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
अमनदीप की यह कहानी उन सभी छात्रों के लिए एक मिसाल है जो संसाधनों के अभाव का रोना रोते हैं। अगर इरादे मजबूत हों तो सफलता बिना कोचिंग के भी मिल सकती है।
रामनगर के इस होनहार छात्र अमनदीप को "ऑल इंडिया टीवी न्यूज" की तरफ से भी बहुत-बहुत बधाई।

