All India tv news। बागेश्वर जिले के कपकोट से इस वक्त की बड़ी खबर। शामा रोड पर तेज बारिश के बीच बड़ा सड़क हादसा हो गया है। एक वैगनआर कार अनियंत्रित होकर 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें 5 लोग घायल हो गए हैं।
मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में शामा रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि तेज बारिश के चलते सड़क पर फिसलन थी और कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
कार में सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला गंभीर रूप से घायल है। घटना की सूचना मिलते ही कपकोट पुलिस और फायर सर्विस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
तस्वीरों में आप देख सकते हैं कि खाई कितनी दुर्गम और गहरी थी। बारिश और फिसलन के बीच जवानों ने जान पर खेलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जवान दुर्गम खाई में उतरे और एक-एक कर सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल महिला को स्ट्रेचर के सहारे खाई से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस से तुरंत अस्पताल भेजा गया। बाकी चार घायलों को भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
अगर पुलिस और फायर सर्विस समय पर नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था। कठिन परिस्थितियों और बारिश के बीच की गई इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की है।
पहाड़ों में बारिश के मौसम में सफर करते वक्त सावधानी बरतें।



