All India tv news। मां दुर्गा के भक्तों के लिए बड़ी खबर आ रही है। इस साल शारदीय नवरात्रि की शुरुआत 11 अक्टूबर 2026 से होने जा रही है। हिंदू पंचांग के अनुसार, अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को कलश स्थापना या घटस्थापना के साथ पूरे देश में मां के नौ रूपों की पूजा शुरू होगी।
इस साल की नवरात्रि बेहद खास मानी जा रही है क्योंकि इस बार महाष्टमी और महानवमी की तिथि को लेकर एक अद्भुत संयोग बन रहा है। आइए आपको बताते हैं घटस्थापना का शुभ मुहूर्त और इस बार के त्योहारों की सही तारीखें।
11 अक्टूबर को नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाएगी। ज्योतिषविदों और पंचांग के अनुसार कलश स्थापना के लिए दो विशेष मुहूर्त मिल रहे हैं:
- सुबह का मुख्य मुहूर्त: सुबह 06:19 बजे से लेकर 10:12 बजे तक रहेगा (कुल अवधि 3 घंटे 52 मिनट)।
- अभिजीत मुहूर्त (दोपहर): जो लोग सुबह पूजा नहीं कर पाएंगे, वे दोपहर 11:20 बजे से 12:07 बजे तक घटस्थापना कर सकते हैं।
अष्टमी और नवमी का विशेष संयोग :-
इस बार पंचांग की गणना के अनुसार, महाअष्टमी और महानवमी की पूजा 19 अक्टूबर को एक ही दिन की जाएगी। दरअसल, 19 अक्टूबर को सुबह 10:51 बजे के बाद नवमी तिथि शुरू हो जाएगी, जिसके कारण कई जगहों पर कन्या पूजन, हवन और माता की विदाई के दोनों बड़े अनुष्ठान इसी दिन संपन्न किए जाएंगे।
20 अक्टूबर को मनेगा दशहरा :-
9 दिनों की अखंड भक्ति और शक्ति आराधना के बाद, 20 अक्टूबर 2026 को विजयादशमी यानी दशहरा का महापर्व मनाया जाएगा। इसी दिन मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन भी किया जाएगा और अधर्म पर धर्म की जीत के प्रतीक स्वरूप रावण दहन का आयोजन होगा।
इस साल मां दुर्गा का आगमन हाथी पर हो रहा है, जिसे शास्त्रों में सुख-समृद्धि, शांति और अच्छी वर्षा का शुभ संकेत माना जाता है।


