expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027: UKD ने फूंका चुनावी बिगुल, भाजपा-कांग्रेस से पहले जारी की 16 प्रत्याशियों की पहली सूची।


All India tv news। देहरादून (उत्तराखंड):
उत्तराखंड में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टियों को पछाड़ते हुए क्षेत्रीय दल उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने सूबे में सबसे पहले चुनावी बिगुल फूंक दिया है। उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने देहरादून में एक प्रेस वार्ता के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 16 प्रत्याशियों की पहली आधिकारिक सूची जारी कर दी है। 
फाइव-लेयर सिस्टम के तहत हुआ उम्मीदवारों का चयन :-
यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती के मुताबिक, इस बार उम्मीदवारों के चयन के लिए पार्टी ने एक विशेष 'फाइव-लेयर सिस्टम' (Five-Layer System) अपनाया है। इसके अंतर्गत संगठन के प्रति अटूट निष्ठा, लंबे समय से पार्टी के लिए समर्पण, अपने क्षेत्र में सक्रियता और उत्तराखंड के स्थानीय हितों के लिए किए गए संघर्ष को ही टिकट का मुख्य आधार बनाया गया है। 
दिग्गजों को मिला मैदान, प्रमुख सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा :-
पार्टी ने अपनी पहली सूची में दो पूर्व विधायकों समेत कई वरिष्ठ नेताओं को चुनावी मैदान में उतारा है। प्रमुख उम्मीदवारों और उनकी सीटों का विवरण इस प्रकार है:
  • पिथौरागढ़: पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी
  • द्वाराहाट: पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी
  • देवप्रयाग: पूरण सिंह कठैत
  • प्रतापनगर: पंकज व्यास
  • कर्णप्रयाग: आशीष नेगी
  • जागेश्वर: दिनेश कुजवाल
  • राजपुर रोड (देहरादून): देव चंद उत्तराखंडी
  • सल्ट: प्रताप सिंह
  • टिहरी: डी०डी० पंत
  • कपकोट: वरुण चंदोला
  • काशीपुर: प्रदीप चंद
  • नानकमत्ता: कैलाश सिंह पांगती
  • रामनगर: भुवन चंद्र
  • देहरादून कैंट: सेवानिवृत्त कमांडेंट राजेंद्र सिंह नेगी
  • खानपुर (हरिद्वार): महिला प्रत्याशी रीतू कंडियाल जुयाल
  • धनोल्टी: चंदन सिंह राणा 
जल्द आएगी दूसरी सूची :-
यूकेडी नेतृत्व ने स्पष्ट कर दिया है कि यह केवल पहली सूची है और पार्टी राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी हुई है। बची हुई सीटों के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची भी संगठनात्मक विचार-विमर्श के बाद जल्द ही जारी कर दी जाएगी। 
चुनावों से काफी समय पहले प्रत्याशियों की घोषणा करके उत्तराखंड क्रांति दल ने यह साफ संकेत दे दिया है कि वह इस बार राज्य के मुख्य राजनीतिक दलों को कड़ी टक्कर देने के मूड में है। मैदान में सबसे पहले उतरने का यह दांव यूकेडी के लिए कितना फायदेमंद साबित होता है, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.