expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

UKD कार्यकर्ताओं का जोश हाई: सल्ट विधानसभा से प्रताप बसनाल को टिकट मिलने पर निकाली भव्य स्वागत यात्रा।

All India tv news।  उत्तराखंड की राजनीतिक गलियारों से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने सल्ट विधानसभा क्षेत्र में अपनी ताकत झोंक दी है। सल्ट विधानसभा से प्रताप बसनाल को टिकट मिलने की खुशी में यूकेडी कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में एक भव्य स्वागत यात्रा निकाली, जिसमें भारी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता शामिल हुए।
उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं में इस समय भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रताप बसनाल को टिकट मिलने की आधिकारिक घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने मोलेखाल से जलिखान तक एक लंबी पैदल यात्रा निकाली। जलिखान पहुँचने के बाद इस यात्रा ने एक विशाल जुलूस का रूप ले लिया और वहाँ से वाहनों के काफिले के साथ यह स्वागत यात्रा प्रसिद्ध क्षेत्र मानिला तक पहुँची।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों और यूकेडी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान स्थानीय जनता ने भी जगह-जगह फूलों की बारिश कर यात्रा का स्वागत किया।
इस स्वागत यात्रा का नेतृत्व यूकेडी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने किया। यात्रा में मुख्य रूप से यूकेडी के केंद्रीय मंत्री दीपू भाकुनी, सल्ट के ब्लॉक अध्यक्ष दीपक उपाध्याय और स्थानीय नेता उमेश प्रधान (छोटू भाई) शामिल रहे। इनके साथ ही सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग प्रताप बसनाल के समर्थन में सड़कों पर उतरे।
नेताओं का कहना है कि सल्ट की जनता इस बार क्षेत्रीय मुद्दों और उत्तराखंड के हक-हकूक की लड़ाई लड़ने वाली पार्टी यूकेडी को अपना पूरा समर्थन देगी। 
चुनाव की तारीखों के नजदीक आते ही सल्ट विधानसभा में यूकेडी की इस स्वागत यात्रा ने राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ा दी हैं। अब देखना होगा कि कार्यकर्ताओं का यह उत्साह आने वाले चुनावों में क्या रंग लाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.