देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश की महिला कर्मचारियों को करवा चौथ के पावन पर्व पर एक बड़ा तोहफा दिया है। आगामी 29 अक्टूबर 2026 (बृहस्पतिवार) को राज्य की सभी महिला कार्मिकों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद शासन द्वारा इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
सचिव विनोद कुमार सुमन के हस्ताक्षरों से जारी इस आदेश के अनुसार, यह अवकाश उत्तराखंड राज्य के अधीन आने वाले सभी शासकीय व अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों (स्कूल, कॉलेज व यूनिवर्सिटी) और शासकीय प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कर्मचारियों पर प्रभावी रहेगा।
गौरतलब है कि उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ समेत विभिन्न संगठनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपकर निर्जला व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए छुट्टी की मांग की थी। सरकार के इस संवेदनशील फैसले से त्योहार मनाने वाली महिला कर्मचारियों में खुशी की लहर है, क्योंकि अब वे बिना किसी कार्यालयी तनाव के पूरे हर्षोल्लास के साथ करवा चौथ की पूजा और रीति-रिवाजों को पूरा कर सकेंगी।
