All India tv news। खेल जगत से इस वक्त एक ऐसी बड़ी और गर्व करने वाली खबर आ रही है, जिसने पूरे देश को हैरान कर दिया है। कहते हैं कि हुनर उम्र का मोहताज नहीं होता और इस बात को सच कर दिखाया है दिल्ली की 10 वर्षीय नन्ही निशानेबाज नायरा शर्मा ने। महज 10 साल और 3 महीने की उम्र में नायरा ने वो मुकाम हासिल कर लिया है, जिसे पाने में बड़े-बड़ों को सालों लग जाते हैं। नायरा अधिकारिक तौर पर भारत की सबसे कम उम्र की नेशनल शूटर क्वालीफायर बन गई हैं।
मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार नायरा ने भोपाल में आयोजित ऑल इंडिया इंटर स्कूल शूटिंग चैंपियनशिप की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भाग लिया। वहाँ उन्होंने 400 में से 363 अंकों का शानदार स्कोर खड़ा करते हुए सीधे नेशनल चैंपियनशिप में अपनी जगह पक्की कर ली।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि नायरा ने प्रतिस्पर्धी निशानेबाजी में कुछ महीने पहले ही कदम रखा है। उनके इस सफर पर नजर डालें तो:
- जून 2026: दिल्ली स्टेट चैंपियनशिप से अपने करियर की शुरुआत की।
- जुलाई 2026: देहरादून में इंडिया ओपन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
- सितंबर 2026 (तीसरी प्रतियोगिता): 363 अंक हासिल कर सीधे नेशनल का टिकट कटाया।
कोच और अकादमी का योगदान :-
नायरा दिल्ली की प्रतिष्ठित टापगन शूटिंग अकादमी (TOPGUN Shooting Academy) में ट्रेनिंग ले रही हैं। इतनी छोटी सी उम्र में उनकी यह गजब की एकाग्रता और अनुशासन उनकी कड़ी मेहनत और ट्रेनिंग का नतीजा है। अब उनकी नजरें इस साल के अंत में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप पर टिकी हैं।
इस ऐतिहासिक कामयाबी पर नायरा के पिता प्रशांत शर्मा बेहद भावुक और गौरवान्वित हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरी सफलता नायरा के अटूट संकल्प और टापगन शूटिंग अकादमी के बेहतरीन मार्गदर्शन व सहयोग का परिणाम है।

